
23 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सिरमौर

सिरमौर। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता काप्टा ने सराहां में शुरू हुए तीन दिवसीय राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री वामन देव की पूजा-अर्चना की और उनकी पालकी को कंधा देते हुए मंदिर से खंड विकास अधिकारी कार्यालय होते हुए नए बस स्टैंड तक निकली भव्य शोभायात्रा में भाग लिया।
शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य दल, होमगार्ड जवानों के साथ हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इसके उपरांत नगर स्थित तालाब में भगवान श्री वामन देव की पालकी को नौका विहार करवाया गया।
एडीएम एकता काप्टा ने राज्य स्तरीय मेले के अवसर पर लोगों को बधाई देते हुए कहा कि सराहां का श्री वामन द्वादशी मेला जिला सिरमौर में आयोजित होने वाले मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। दशकों से पूरा जनपद इस मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ करता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान तीन दिनों तक खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। मेला आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, जहां लोग खरीदारी करते हैं और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलता है।
इस दौरान एडीएम ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करने के साथ विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने चेस प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए बच्चों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम पच्छाद एवं सदस्य सचिव राज्य स्तरीय श्री वामन द्वादशी मेला कमेटी डॉ. प्रियंका चंद्रा ने एडीएम एकता काप्टा का स्वागत किया तथा उन्हें शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विधायक पच्छाद रीना कश्यप, उपाध्यक्ष जिला परिषद सिरमौर बलदेव भंडारी, अध्यक्ष बीडीसी पच्छाद प्रकाश भाटिया, तहसीलदार पच्छाद जगपाल सिंह, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी, नायब तहसीलदार रहीश अहमद, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, कांग्रेस नेत्री ऊषा तोमर, कांग्रेस नेता रणधीर पंवार, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, व्यापार मंडल सराहां के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





