
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

जिला मुख्यालय स्थित डीआरडीए हॉल में मंगलवार को पेंशनर फेडरेशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक उपायुक्त एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) सुरजीत सिंह राठौर ने की।
बैठक के दौरान पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन के समक्ष कई अहम मांगें और समस्याएं रखीं। इनमें कुल्लू शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, आवारा पशुओं और कुत्तों की समस्या पर अंकुश, बेहतर पार्किंग व्यवस्था, सड़कों व फुटपाथों की मरम्मत तथा सरकारी एवं निजी अस्पतालों में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाने के मुद्दे प्रमुख रहे।
फेडरेशन के सदस्यों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी।
अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्रवाई के निर्देश
एडीएम सुरजीत सिंह राठौर ने पेंशनर फेडरेशन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल और बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए, ताकि पेंशनरों एवं वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिल सके।
बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर, अधिशासी अभियंता बी.एस. नेगी, जिला पंचायत अधिकारी दयाराम ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा सहित पेंशनर फेडरेशन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।





