
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा कुल्लू ने आम जनता को संस्था की गतिविधियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से आधिकारिक फेसबुक पेज शुरू किया है। अब लोग रक्तदान अभियानों, स्वास्थ्य शिविरों, आपदा राहत एवं पुनर्वास सहित संस्था की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यकारी उपायुक्त एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कुल्लू के अध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौर ने मंगलवार को संस्था के आधिकारिक फेसबुक पेज का शुभारंभ किया। इस अवसर पर संस्था के सचिव चन्द्रकेश शर्मा भी मौजूद रहे।
आपदा और स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका
सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि “मानव सेवा ही हमारा धर्म, मानवता ही हमारा लक्ष्य” के मूल मंत्र के साथ रेड क्रॉस सोसायटी आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को रक्तदान सहायता उपलब्ध करवाने और आपदा प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों के पुनर्वास के लिए समर्पित केंद्र का संचालन, नशा निवारण अभियान तथा विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।
फेसबुक पेज से नियमित मिलेगी जानकारी
राठौर ने कहा कि आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से जनता को रेड क्रॉस की गतिविधियों, रक्तदान अभियानों, स्वास्थ्य सेवाओं, राहत कार्यों तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध होगी। इससे आमजन संस्था के कार्यों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे।
उन्होंने स्थानीय लोगों से भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी कुल्लू के आधिकारिक फेसबुक पेज को फॉलो करने तथा रक्तदान अभियानों और अन्य लोक-कल्याणकारी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
आधिकारिक फेसबुक पेज:
https://www.facebook.com/share/18Hi3dzxuD/
हेल्पलाइन: +91 98166 00450





