थाची कॉलेज की मांगों को लेकर गरजी ABVP, जयराम ठाकुर को सौंपा ज्ञापन

8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

थाची महाविद्यालय की लंबित मांगों और बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आवाज बुलंद की है। अभाविप की थाची इकाई ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं मूलभूत समस्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।

अभाविप ने कहा कि महाविद्यालय से जुड़ी समस्याओं को लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जा सकता। ज्ञापन में कॉलेज भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर पूरा करने, पूर्व में संचालित बीकॉम विषय को दोबारा शुरू करने तथा विभिन्न रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रमुख मांगें उठाई गईं।

बीकॉम बंद होने से विद्यार्थियों को परेशानी

विद्यार्थी परिषद के अनुसार थाची महाविद्यालय में पहले बीकॉम की पढ़ाई होती थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। इसके चलते क्षेत्र के विद्यार्थियों को वाणिज्य विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ रहा है।

वहीं कॉलेज भवन के निर्माण में देरी तथा शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के पद रिक्त होने के कारण भी विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने की बात अभाविप ने कही है। परिषद का कहना है कि यदि इन समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो इसका सीधा असर क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ सकता है।

जयराम ठाकुर से उचित मंच पर मांगें उठाने का आग्रह

अभाविप ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों की मांगों को उचित मंच पर प्रमुखता से उठाएं और सरकार एवं संबंधित विभाग के समक्ष इनके शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी पहल करें।

विद्यार्थी परिषद ने दो टूक कहा कि बेहतर शिक्षा, विद्यार्थियों के अधिकार और थाची महाविद्यालय के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि अभाविप द्वारा उठाई गई इन मांगों पर सरकार और संबंधित विभाग की ओर से कब तक ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाती है।

Share the news