बांग्लादेश मॉडल का महिमामंडन करने वालों पर राहुल गांधी चुप क्यों? कांग्रेस जवाब दे : डॉ. सीमा ठाकुर

16 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सीमा ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए बांग्लादेश के आंदोलन को लेकर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने का दावा करने वाली कांग्रेस को बताना चाहिए कि वह किस तरह की राजनीतिक व्यवस्था का समर्थन करती है।

डॉ. सीमा ठाकुर ने आरोप लगाया कि जेएनयू की छात्रा और आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा वोहरा ने 14 अक्टूबर को बांग्लादेश के सोशलिस्ट स्टूडेंट्स फ्रंट के सम्मेलन के लिए जारी वीडियो संदेश में बांग्लादेश के जेन-जी आंदोलन को प्रेरणादायक बताया था। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से पूछा कि क्या वे इन विचारों से सहमत हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने वर्ष 2024 में बांग्लादेश में हुए हिंसक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय के आकलन के अनुसार, उस दौरान लगभग 1,400 लोगों की मौत हुई हो सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे घटनाक्रम को युवाओं के सामने आदर्श के रूप में पेश करना चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिरोध और अराजकता में अंतर है। भारत में सत्ता परिवर्तन का रास्ता जनता के जनादेश और संवैधानिक प्रक्रियाओं से होकर गुजरता है। उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।

डॉ. सीमा ठाकुर ने सार्वजनिक जीवन में हिंसा से जुड़े कथित बयानों की जांच और हिंसा की स्पष्ट निंदा की मांग भी की। उन्होंने कांग्रेस के सामने तीन सवाल रखे—क्या वह बांग्लादेश के हिंसक घटनाक्रम को भारत के लिए आदर्श मानती है, क्या राहुल गांधी नेहा वोहरा के कथित बयान से सहमत हैं और क्या कांग्रेस शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक विरोध के प्रति प्रतिबद्ध है?

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक विरोध का सम्मान करती है, लेकिन हिंसा और अराजकता का समर्थन स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार, भारत का लोकतंत्र संविधान, जनादेश और कानून के शासन से मजबूत होता है।

Share the news