नौणी विश्वविद्यालय में विश्व खाद्य दिवस मनाया, सतत खाद्य प्रणालियों में नवाचार पर जोर

16 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नौणी, सोलन

डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में शुक्रवार को खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और फूड टेक क्लब ने विश्व खाद्य दिवस-2026 मनाया। इस वर्ष की थीम ‘आज नवाचार करें, कल का पोषण करें’ के तहत स्वस्थ आहार, खाद्य सुरक्षा, सतत खाद्य प्रणालियों और उद्यमिता में नवाचार की भूमिका पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एच.एस. बवेजा मुख्य अतिथि रहे, जबकि खाद्य उद्योग के वैज्ञानिक सलाहकार एवं परामर्शदाता अजय शर्मा ने मुख्य व्याख्यान दिया।

प्रो. बवेजा ने स्वस्थ खानपान और संतुलित पोषण को बेहतर स्वास्थ्य तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में नवाचार, रोजगार सृजन और नए व्यवसाय स्थापित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल खाद्य पैकेजिंग विकसित करने पर भी जोर दिया।

मुख्य व्याख्यान में अजय शर्मा ने खाद्य उद्योग में उभरते अवसरों, उत्पाद विकास और टिकाऊ प्रसंस्करण तकनीकों पर प्रकाश डाला। वहीं, विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा ने कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और खाद्य अपशिष्ट के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है।

विश्व खाद्य दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली, पोस्टर और नारा लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कुलपति प्रो. बवेजा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने 28 पोस्टर और 16 नारे प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त, 14 खाद्य स्टॉल लगाए गए, जिनमें विभिन्न खाद्य उत्पादों और व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार खाद्य उत्पादों की प्रदर्शनी रही। इसके माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की संभावनाओं को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share the news