एडवोकेट पाल वर्मा बने हिमाचल ड्रैगन बोट टीम के मैनेजर

16 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

हिमाचल प्रदेश ड्रैगन बोट एवं ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने मंडी जिला अध्यक्ष एवं जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट पाल वर्मा को प्रदेश की ड्रैगन बोट टीम का मैनेजर नियुक्त किया है। दिल्ली में 18 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 13वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट एवं ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में हिमाचल की टीमें विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए बिलासपुर की गोविंद सागर झील में दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। एसोसिएशन और गोविंद सागर एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे इस शिविर में खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कर रहे हैं।

एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार (आईएएस), प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार कसाना और राज्य महासचिव रितेश अहलूवालिया ने पाल वर्मा की नियुक्ति की जानकारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से टीम को लाभ मिलेगा।

पाल वर्मा ने बताया कि हिमाचल की पुरुष एवं महिला सीनियर टीमें 1000, 500 और 200 मीटर की स्पर्धाओं में भाग लेंगी। वहीं, जूनियर लड़के और लड़कियों की टीमें 500 और 200 मीटर स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की टीम प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार है। एसोसिएशन ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। हिमाचल की टीम से प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

Share the news