बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मिड-डे मील की खीर खाने के बाद 30-40 बच्चे बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

19 अगस्त 2026
खबर अभी-अभी | कुल्लू


कुल्लू के बाड़ी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को मिड-डे मील के दौरान परोसी गई खीर खाने के बाद करीब 30 से 40 बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। खीर खाने के कुछ समय बाद कई बच्चों को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए सीएचसी पतलीकूहल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों का उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार प्रभावित बच्चे जैंडी, बाड़ी, बशकोला, रंखड़ू और बाजगाड़ी समेत आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। परिजनों के मुताबिक बच्चों ने स्कूल में मिड-डे मील के दौरान खीर खाई थी। शाम करीब चार बजे छुट्टी के बाद घर पहुंचने पर कई बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ बच्चों के स्कूल के बाहर अर्धमूर्छित अवस्था में गिरने की सूचना भी सामने आई है।

बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान कमलाकांत और उपप्रधान ललित मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बड़ी संख्या में बच्चों के अस्पताल पहुंचने के बाद उनके परिजन भी वहां पहुंच गए।

बच्चों के परिजनों रामचंद, मुकेश कुमार, ईशांत, देवराज, हीरा लाल, मेहर चंद और सुनील ने घटना पर चिंता जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है।

वहीं बीएमओ नग्गर कर्ण ने बताया कि सीएचसी पतलीकूहल में बच्चों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने भी अस्पताल पहुंचकर बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपचार व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।

एक साथ बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के बीमार पड़ने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। अभिभावकों ने प्रशासन से मिड-डे मील में इस्तेमाल खाद्य सामग्री और पानी के सैंपल लेकर जांच करवाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल बच्चों की हालत ठीक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य में सुधार होने पर बच्चों को आज अस्पताल से घर भेजा जा सकता है।

Share the news