भाजपा कार्यकारिणी बैठक में चुनावी रणनीति, योग दिवस और वृक्षारोपण अभियान पर मंथन

खबराभी अभी,
ऊना।
भाजपा जिला ऊना कार्यालय में जिला एवं प्रदेश कार्यकारिणी की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष शाम मिन्हास की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, पंचायती राज चुनावों की समीक्षा, आगामी चुनावी रणनीति तथा विभिन्न जनजागरण कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सदर ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती, हरोली से प्रो. राम कुमार, चिंतपूर्णी के पूर्व विधायक बलबीर सिंह, कुटलैहड़ के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता देवेंद्र कुमार भुट्टो, गगरेट के पूर्व विधायक एवं भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष चैतन्य शर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पंचायती राज चुनावों के परिणामों की समीक्षा की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनावों में धनबल के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जिसे उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि चुनावी परिणामों से जनता के समर्थन का भी स्पष्ट संकेत मिला है।
बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई। इसके अलावा समाज के बुद्धिजीवी वर्ग, प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली लोगों को पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों से जोड़ने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिले भर में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में भाजपा जिला कार्यालय ऊना में 21 जून को सुबह 7 बजे विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। नेताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है तथा भाजपा इन दोनों विषयों पर जनभागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार कार्य करेगी।

Share the news