भावानगर में जातरू उत्सव का समापन, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रतिभागियों को किया सम्मानित

27 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को भावानगर में आयोजित तीन दिवसीय जातरू उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने किन्नौर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने पर जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि किन्नौर की सांस्कृतिक विरासत को संजोना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी परंपराओं पर गर्व कर सकें। उन्होंने उत्सव में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं को ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा निखारने का अच्छा मंच बताया। उनके अनुसार, ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर देते हैं।

आपदा राहत व्यवस्था पर सरकार की सराहना

जगत सिंह नेगी ने प्रदेश सरकार की आपदा राहत व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आपदा राहत मैनुअल में संशोधन कर प्रभावित लोगों को अधिक मुआवजा देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और प्रदेश के सभी वर्गों तथा क्षेत्रों के समान विकास के लिए प्रयासरत है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए दी आर्थिक सहायता

जातरू उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रत्येक महिला मंडल और युवक मंडल को 10,000 रुपये की राशि प्रदान की गई। वहीं, स्कूल वर्ग में प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को 5,000 रुपये दिए गए। मंत्री ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया और उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

इससे पहले मंत्री ने उत्सव में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से लगाए गए विकासात्मक स्टॉलों का निरीक्षण किया। उपमंडलाधिकारी निचार दिव्या यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें क्षेत्र में चल रही विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।

समारोह में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष निचार अनिल नेगी, कांग्रेस सेवा दल की राज्य उपाध्यक्ष तारा मुय्यान, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, बाल विकास परिषद के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता प्रताप नेगी, पुलिस उप अधीक्षक भावानगर वरुण पटियाल, तहसीलदार निचार नेहा नेगी, उप निदेशक उद्यान डॉ. शमशेर सिंह डेहरू, अधिशासी अभियंता विद्युत टाशी छोडुप नेगी, कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनोज नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share the news