
खबर अभी-अभी | मंडी, 20 अगस्त।
मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राष्ट्रीय राजमार्ग-003 के मंडी–कोटली/कडकोह खंड में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। विधायक ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष स्थानीय लोगों को पेश आ रही समस्याओं और अधूरे कार्यों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
विधायक अनिल शर्मा ने मंडी–कोटली खंड की मौजूदा स्थिति से केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाते हुए कहा कि इस मार्ग पर कई महत्वपूर्ण कार्य अभी भी अधूरे हैं। संबंधित एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों के तरीके के कारण स्थानीय निवासियों को असुविधा और चिंता का सामना करना पड़ रहा है।
खतरनाक मोड़ों और जल निकासी का मुद्दा उठाया
विधायक ने कहा कि मार्ग पर कई स्थानों पर अत्यधिक तीखे और खतरनाक मोड़ अभी भी मौजूद हैं, जिनकी कटिंग एवं सुधार किया जाना आवश्यक है। इन जोखिमपूर्ण घुमावों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने अपर्याप्त जल निकासी व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा कई संवेदनशील स्थानों पर रिटेनिंग वॉल और ब्रेस्ट वॉल का निर्माण नहीं होने की बात केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी।
प्रभावित परिवारों के लिए संपर्क मार्ग की मांग
अनिल शर्मा ने कहा कि भूमि अधिग्रहण से प्रभावित कई घरों और संपत्तियों तक उचित संपर्क मार्ग एवं पैदल रास्तों का अभाव है। उन्होंने मार्ग पर पर्याप्त सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा प्रस्तावित बस शेल्टरों का निर्माण जल्द करवाने की मांग भी की।
विधायक ने कहा कि ये सभी समस्याएं मंडी सदर के लोगों की सुरक्षा, आवागमन और दैनिक जीवन की सुविधाओं से सीधे जुड़ी हुई हैं। इसलिए इनका समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना बेहद जरूरी है।
निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 70 करोड़ अतिरिक्त जारी करने का अनुरोध
विधायक अनिल शर्मा ने राष्ट्रीय राजमार्ग के इस खंड के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 70 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि जारी करने का अनुरोध भी केंद्रीय मंत्री से किया।
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने विधायक की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रभावित निवासियों की समस्याओं की जांच करवाने और उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।






