
मंडी : मंडी शहर के जेल रोड स्थित एक तीन मंजिला भवन में मंगलवार देर रात करीब 1:00 बजे भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे भवन में धुएं का गुबार भर गया और लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया।
घटना में करीब 2 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, जबकि दमकल विभाग की तत्परता से लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन सड़क से नीचे होने के कारण दूसरी मंजिल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने पास के शटर का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया।
दूसरी मंजिल पर किराए के कमरे में फंसे पति-पत्नी और उनकी बच्ची को दमकल जवानों ने खिड़की तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, नीचे वाली मंजिल में रखे रसोई गैस सिलेंडर को भी समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
राहत कार्य में लीडिंग फायरमैन लेखराम, चालक संजय चौहान, प्रशांमल, महेंद्र सिंह और राकेश कुमार ने अहम भूमिका निभाई। फायर स्टेशन अधिकारी करमचंद कश्यप ने बताया कि समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
खबर अभी अभी के लिए मंडी से तरनदीप सिंह की रिपोर्ट।





