
•खबर अभी अभी
मंडी |
मंडी, 04 मई। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। भारी बारिश, तेज हवाओं और गर्जना जैसी खराब मौसम परिस्थितियों को देखते हुए नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मौसम विभाग ने 5 मई, 2026 तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि इसके बाद भी येलो अलर्ट रहने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अप्रैल माह में सामान्य से लगभग 70 % अधिक वर्षा दर्ज की गई है और मई माह में भी सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों को सावधान रहने को कहा जो अस्थायी रूप से नदी-नालों के पास रह रहे हैं। ऐसे लोगों को खराब मौसम के दौरान तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। यदि किसी को रहने की व्यवस्था में दिक्कत आती है तो वे संबंधित पटवारी या पंचायत सचिव से संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना हो तो पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लें। साथ ही, जिन रास्तों पर निर्माण कार्य चल रहा हो या रास्ता बंद हो, वहां जाने से बचें और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें, भले ही उसमें अधिक समय लगे, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि मंडी जिला प्रशासन समय-समय पर मौसम से जुड़ी चेतावनियां और परामर्श जारी करता रहता है। ये जानकारी डीसी मंडी के आधिकारिक फेसबुक पेज, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रेस के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही है। सभी नागरिकों से अपील है कि वे इन माध्यमों पर नजर बनाए रखें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





