बाशिंग में HRTC बस पलटी, चालक-परिचालक समेत छह घायल

3 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

कुल्लू जिला मुख्यालय के समीप बाशिंग में शनिवार सुबह HRTC की बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक-परिचालक समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया है। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार HRTC की बस मनाली से पठानकोट जा रही थी। बाशिंग में मोड़ काटते समय चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में चालक-परिचालक के अलावा चार यात्री सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

एसपी कुल्लू अभिषेक शेखर ने बताया कि हादसे में श्याम लाल निवासी बाश्कोला कुल्लू, किशन थापा निवासी बंदरोल कुल्लू, छाया देवी निवासी कुठेड़ पठानकोट, रमेश कुमार निवासी कुठेड़ पठानकोट, चालक मनमोहन सिंह निवासी बहुट जिला कांगड़ा और परिचालक प्रवीण निवासी खानी, नूरपुर कांगड़ा घायल हुए हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शी उर्मिला दीपक के अनुसार, सुबह अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो बस सड़क किनारे पलटी हुई थी।

पुलिस दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Share the news