
1 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

कुल्लू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की कुल्लू इकाई ने कुल्लू महाविद्यालय के विद्यार्थियों की विभिन्न शैक्षणिक समस्याओं और मांगों को लेकर सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने विद्यार्थियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में विद्यार्थियों के हित से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इनमें सरदार पटेल विश्वविद्यालय का दायरा बढ़ाने, कुल्लू महाविद्यालय में M.Com और M.Sc. जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शीघ्र शुरू करने तथा री-चेकिंग के परिणामों की पुनः जांच करवाने और लंबित परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने की मांग शामिल है।
ABVP कुल्लू इकाई ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान जरूरी है, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो और उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए उन्हें अन्य स्थानों का रुख न करना पड़े।
परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए। परिषद ने विशेष रूप से कुल्लू महाविद्यालय में M.Com एवं M.Sc. पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
ABVP कुल्लू इकाई के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही महाविद्यालय में स्नातकोत्तर स्तर की शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी।





