
1 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

कुल्लू। गत वर्ष बरसात के दौरान भूस्खलन से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई दोहरानाला-कमांद सड़क अब दोबारा बस संचालन के लिए तैयार हो गई है। सड़क की स्थिति में सुधार के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) और लोक निर्माण विभाग की टीम ने सड़क पर छोटी बस का संयुक्त ट्रायल किया। ट्रायल के दौरान बस आसानी से सड़क से गुजर गई।
सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्राम पंचायत खड़ीहार के लिए लंबे समय से बस सेवा बंद थी। अब सड़क के बस योग्य होने से क्षेत्र के लोगों को जल्द ही दोबारा परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। लोक निर्माण विभाग ने भारी नुकसान के बावजूद करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत से सड़क को दोबारा बहाल किया है।
स्थानीय लोगों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए एचआरटीसी अधिकारियों तथा लोक निर्माण विभाग की टीम ने सड़क का संयुक्त निरीक्षण किया और बस का ट्रायल लिया। विभागीय अधिकारियों ने सड़क के कुछ हिस्सों में आवश्यक सुधार कार्य जल्द पूरा करने के बाद नियमित बस सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया है।
वर्ष 2023 की बाढ़ में भी हुआ था भारी नुकसान
जिला ट्रेड यूनियन इंटक फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में आई बाढ़ के कारण दोहरानाला-कमांद सड़क को भारी नुकसान हुआ था। इसके बाद एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च कर सड़क को दुरुस्त किया गया था। करीब छह माह बाद सड़क को बस संचालन के योग्य बनाया गया, लेकिन अगले ही वर्ष भूस्खलन के कारण सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हो गई और बस सेवा बंद करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि अब करीब एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क को फिर से बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि पचाली-पधर सड़क को पक्का करने के साथ डंगे और नालियां बनाने का प्रारूप भी तैयार किया गया है। इसके लिए करीब चार करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति विधायक सुंदर ठाकुर के प्रयासों से मिली है। इस राशि से पचाली, सीलिंग और पधर सड़क को पक्का करने का कार्य किया जाएगा।
स्थानीय लोगों गुलशन ठाकुर, संजय, नीलम शर्मा ठाकुर, मीरा राणा और वार्ड पंच वंदना ठाकुर ने सड़क को दोबारा बस योग्य बनाने के लिए सरकार, प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और परिवहन निगम का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद बार-बार बजट का प्रबंध कर सड़क को बहाल किया गया है। सड़क के बस योग्य बनने से क्षेत्र की जनता को जल्द ही परिवहन सुविधा का लाभ मिलने की उम्मीद है।





