मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस सरकार पर विपक्ष का हमला, पांच लाख नौकरियों के वादे पर घेरा

खबर अभी-अभी | 21 अगस्त, 2026।
शिमला।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आगाज होते ही सदन के बाहर विपक्ष ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने सरकार को चुनावी वादों की याद दिलाते हुए युवाओं को पांच वर्षों में पांच लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे को लेकर घेरा।

सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने प्रदेश के युवाओं को हर वर्ष एक लाख नौकरियां देने और पांच वर्षों में कुल पांच लाख रोजगार उपलब्ध करवाने की गारंटी दी थी। विपक्ष का आरोप है कि कांग्रेस सरकार अब तक इस वादे को पूरा करने में नाकाम रही है।

सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी विधायकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार से युवाओं को किए गए रोजगार के वादे को पूरा करने की मांग उठाई। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार अन्य चुनावी गारंटियों को पूरा करने में भी विफल रही है।

विपक्षी नेताओं ने कहा कि प्रदेश के बेरोजगार युवा सरकार से जवाब मांग रहे हैं और सरकार को अपने चुनावी वादों का हिसाब देना चाहिए। विपक्ष ने रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए युवाओं से किए गए चुनावी वादों को जल्द पूरा करने की मांग की।

Share the news