
सोलन | 13 अगस्त 2026
खबर अभी अभी


मुरारी लाल नर्सिंग कॉलेज, सोलन में छात्रों की सुरक्षा और रैगिंग के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एंटी रैगिंग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह की शुरुआत 12 अगस्त को हुई और इसका समापन 18 अगस्त को होगा।
एंटी रैगिंग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के चेयरमैन चंद्रप्रकाश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान कॉलेज स्टाफ की ओर से विशेष सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को रैगिंग से जुड़े कानूनी प्रावधानों, एंटी रैगिंग गाइडलाइंस और कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई।
संवादात्मक सत्र में छात्रों ने खुलकर रखी बात
कार्यक्रम के दौरान एंटी रैगिंग समिति की इंचार्ज अर्पणा नड्डा ने छात्रों के लिए एक संवादात्मक सत्र आयोजित किया। इस दौरान छात्रों ने रैगिंग से जुड़े विषयों पर खुलकर बातचीत की और अपने विचार साझा किए।
छात्रों को रैगिंग के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि रैगिंग न केवल शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करती है, बल्कि इससे छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।
छात्रों के अधिकार और वरिष्ठ विद्यार्थियों के कर्तव्य पर जोर
कॉलेज के प्राचार्य रघुनंदन सिंह ने कहा कि एंटी रैगिंग दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और वरिष्ठ विद्यार्थियों को उनके कर्तव्यों का बोध कराना है।
उन्होंने कहा कि रैगिंग के कारण कई बार छात्रों में मानसिक आघात और हीन भावना पैदा हो सकती है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन का प्रयास है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
कॉलेज प्रशासन ने एंटी रैगिंग सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों से रैगिंग के खिलाफ जागरूक रहने और किसी भी तरह की घटना सामने आने पर तत्काल संबंधित समिति या कॉलेज प्रशासन को जानकारी देने का आह्वान किया।





