मुरारी लाल मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग के 57 विद्यार्थियों का गाजियाबाद अस्पताल में कैंपस प्लेसमेंट

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। मुरारी लाल मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सोलन के बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और जीएनएम के 57 विद्यार्थियों का नरेंद्र मोहन अस्पताल, गाजियाबाद में कैंपस प्लेसमेंट हुआ है। अस्पताल की ओर से आयोजित कैंपस भर्ती अभियान में कुल 70 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 57 छात्राओं का चयन किया गया।

चयनित विद्यार्थियों को 20,000 रुपये प्रतिमाह के शुरुआती वेतन पर रोजगार का अवसर मिला है। इसके साथ ही उन्हें निःशुल्क छात्रावास सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। खास बात यह है कि चयनित विद्यार्थियों की अंतिम वर्ष की परीक्षाएं अभी होनी बाकी हैं और उन्हें परीक्षा से पहले ही रोजगार का ऑफर मिल गया है।

कैंपस प्लेसमेंट के दौरान विद्यार्थियों का चयन नरेंद्र मोहन अस्पताल की नर्सिंग एजुकेटर कृतिका भारद्वाज और इन्फेक्शन कंट्रोल नर्स प्रिया ने किया।

कॉलेज अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता, निदेशक अंकित गुप्ता, निमित्त गुप्ता तथा प्रधानाचार्य रघुनंदन सिंह ने चयनित छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार का अवसर उपलब्ध करवाने के लिए नरेंद्र मोहन अस्पताल का आभार जताया।

कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी ऐसे कैंपस प्लेसमेंट, रोजगार मेले और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Share the news