
17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। कुल्लू बस अड्डे से खोरी रोपा की ओर जा रहे एक व्यक्ति से 2 लाख रुपये की नकदी झपटने के मामले में कुल्लू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटी गई नकदी में से 1 लाख 3 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं, जबकि शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में 17 सितंबर 2026 को पुलिस थाना कुल्लू में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह भेड़ पालन का कार्य करता है। उसने डोभी जोत में अपनी 120 भेड़ों में से 15 भेड़ें नग्गर निवासी मुनीलाल को बेची थीं, जिसके एवज में उसे 2 लाख रुपये प्राप्त हुए थे।
शिकायत के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह कुल्लू बस अड्डे से खोरी रोपा की ओर जा रहा था। सरकारी स्कूल खोरी रोपा के समीप पहुंचने पर दो युवतियां उसके पास आईं और उसकी ऊनी हाफ जैकेट की जेब से 2 लाख रुपये की नकदी निकालकर मौके से फरार हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपी युवतियों की पहचान सुनिश्चित की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में बरामद 1,03,000 रुपये के अलावा शेष नकदी की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच जारी है।
दोनों आरोपियों को नियमानुसार पुलिस रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।





