57 स्कूलों के 603 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल प्रतिभा, कुनिहार में जिला स्तरीय अंडर-19 प्रतियोगिता शुरू

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुनिहार, सोलन

कुनिहार। जिला सोलन स्कूली क्रीड़ा संघ के सौजन्य से राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के 57 सरकारी और निजी स्कूलों के 603 छात्र खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में खंड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खराब मौसम के चलते उद्घाटन कार्यक्रम को संक्षिप्त रखा गया।

स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने वंदेमातरम, स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय प्रशासन और जिला क्रीड़ा संघ की ओर से मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

एडीपीओ सोलन हेमराज और प्रतियोगिता प्रभारी महेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में विभिन्न प्रमुख खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के सरकारी और निजी विद्यालयों के 603 छात्र खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेल भावना और अनुशासन पर दिया जोर

मुख्यातिथि तन्मय कंवर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और अनुशासन है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और लगन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय विद्यालय को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत कुनिहार राकेश ठाकुर, कुनिहार यूनिट अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, विद्यालय प्रधानाचार्य प्रताप सिंह रनौत, रमेश शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष सुनील कुमार, रोशन शर्मा, मुकेश शर्मा, सुधीर, वरुण भार्गव, सुरेश कुमार, नीलम, सरोज, जगदीश शर्मा, लीला शंकर, हारजीत कौर, संगीता जोशी और कमलेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share the news