
17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | करसोग, मंडी

करसोग। नागरिक चिकित्सालय करसोग में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने तथा निर्माण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से एसडीएम करसोग अलीशा चौहान ने अस्पताल परिसर का दौरा कर विभिन्न सुविधाओं और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय राज गुप्ता भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने अस्पताल परिसर में चल रहे और प्रस्तावित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों की स्थिति, आवश्यकताओं और अस्पताल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की।
इस दौरान एसडीएम अलीशा चौहान ने अस्पताल में उपचाराधीन गंभीर कुपोषण से ग्रसित बच्चे का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चे के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम ने अस्पताल परिसर को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सड़क मार्ग से अस्पताल परिसर तक एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग को वैकल्पिक एंबुलेंस मार्ग की व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में गंभीर मरीजों को बिना किसी रुकावट के जल्द से जल्द उपचार सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल चौहान ने एसडीएम को नागरिक चिकित्सालय में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं, वर्तमान में चल रहे और प्रस्तावित निर्माण कार्यों तथा विभाग की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए प्रशासन एवं विभिन्न विभागों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने एसडीएम और संबंधित विभागों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।





