प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर नाहन में हवन-यज्ञ और रक्तदान शिविर आयोजित

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | नाहन, सिरमौर

नाहन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर नाहन के ऐतिहासिक माता कालिस्थान मंदिर में भाजपा की ओर से हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हवन में आहुतियां अर्पित कीं और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।

प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सेवा कार्यक्रम

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हिमाचल प्रदेश में हवन-यज्ञ, रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सेवा एवं जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

युवा मोर्चा ने लगाया रक्तदान शिविर

डॉ. राजीव बिंदल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के साथ नाहन के हिंदू आश्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और भाजपा कार्यकर्ता इस सेवा गतिविधि में भाग ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री युवाओं के प्रेरणास्रोत : बिंदल

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को विकसित करने, उन्हें नए अवसर उपलब्ध करवाने और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाने के लिए कई प्रयास और योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

भाजपा पदाधिकारियों और युवाओं ने किया रक्तदान

रक्तदान शिविर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनीष अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अरुण सरमन, पार्षद कौशल्या देवी, आशा भारद्वाज, पूर्व प्रधान संदीप तोमर, हिमांशु, मोनिका ठाकुर, रजत सैनी सहित अन्य युवाओं ने रक्तदान किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अरुण सरमन, नगर निगम के पार्षद, युवा मोर्चा कार्यकर्ता और भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share the news