मोदी सरकार के 12 साल विकसित भारत की मजबूत नींव के स्वर्णिम वर्ष : नड्डा

खबर अभियो अभी ,

शिमला, 12 जून। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे। भाजपा के “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत शिमला में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह अवधि विकसित भारत की मजबूत आधारशिला रखने वाले परिवर्तनकारी वर्षों की रही है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीति को परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण से निकालकर सुशासन, सेवा और जवाबदेही की दिशा दी है। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाना, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, तीन तलाक समाप्त करना और सीएए लागू करना मोदी सरकार के ऐतिहासिक निर्णय रहे हैं।


उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के आधारभूत ढांचे में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, सुरंगों और आधुनिक परिवहन नेटवर्क ने देश की तस्वीर बदल दी है। हिमाचल प्रदेश में 14,400 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है, जिससे गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है।
नड्डा ने कहा कि उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। हिमाचल में भी लाखों परिवार इन योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं।

स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 376 से बढ़कर 820 से अधिक हो गई है। हिमाचल में चंबा, हमीरपुर और नाहन मेडिकल कॉलेज तथा एम्स बिलासपुर की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि रक्षा, अंतरिक्ष, डिजिटल इंडिया, सेमीकंडक्टर, मोबाइल निर्माण और वंदे भारत ट्रेनों जैसे क्षेत्रों में भारत ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक आत्मविश्वासी और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।

नड्डा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Share the news