
खबर अभी-अभी | शिमला, 20 अगस्त।

हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष छत्तर सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस की ओर से शिमला और धर्मशाला में शहरों को बेहतर, स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के माध्यम से शहरों की समस्याओं को सामने लाने के साथ-साथ आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
छत्तर सिंह ने कहा कि शिमला में कई स्थानों पर पानी की समस्या सामने आ रही है। वहीं, सफाई कर्मचारी 12-12 घंटे तक मेहनत कर शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दे रहे हैं। ऐसे में सफाई कर्मचारियों को उनका हक का पैसा समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आधुनिक मशीनों के इस्तेमाल तथा कर्मचारियों के लिए पानी और विश्राम की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। इसके अलावा शहर में विकास कार्यों को बेहतर तरीके से करवाकर शिमला की सुंदरता बढ़ाने और पर्यटन की दृष्टि से इसे और विकसित करने पर भी युवा कांग्रेस काम करेगी।
छत्तर सिंह ने कहा कि तिब्बती बाजार के लोगों के लिए पहले आजीविका भवन बनाया गया है। इसी तरह तहबाजारी से जुड़े लोगों की समस्याओं को समझते हुए आगे भी उनके हित में उचित कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का लक्ष्य शिमला को बेहतर सुविधाओं वाला, स्वच्छ और पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक शहर बनाना है। इसके लिए स्थानीय लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और संबंधित स्तर पर उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।





