रबौण में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी ने कार को मारी टक्कर, चालक बाल-बाल बचा

7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन
गलत दिशा से आ रही नगर निगम की गाड़ी से हुई जोरदार भिड़ंत, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; एक सप्ताह में दूसरा मामला

सोलन। शहर के रबौण क्षेत्र में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलटने से बाल-बाल बची। गनीमत रही कि हादसे में कार चालक सुरक्षित बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी कथित तौर पर गलत दिशा से आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही कार के साथ उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक सप्ताह में नगर निगम की गाड़ी से जुड़ा दूसरा हादसा

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी नगर निगम की एक गाड़ी द्वारा कथित तौर पर गलत दिशा में जाकर शिमला की ओर जा रही एंबुलेंस को टक्कर मारने का मामला सामने आया था। एक सप्ताह के भीतर नगर निगम की गाड़ियों से जुड़े दो हादसे सामने आने से इनके संचालन और चालकों की ड्राइविंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां दिनभर शहर की सड़कों पर आवाजाही करती हैं। ऐसे में चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी करना आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

चालकों की ड्राइविंग की निगरानी की मांग

स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के चालकों की ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन की नियमित निगरानी की जाए। साथ ही चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

एक सप्ताह के भीतर सामने आए दूसरे मामले ने नगर निगम की वाहन संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

Share the news