
5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | रिकांग पिओ

जिला कांग्रेस कमेटी किन्नौर की पहली महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शनिवार को डीसीसी कार्यालय रिकांग पिओ में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला संगठन महामंत्री एडवोकेट राम सिंह नेगी, जिला प्रवक्ता ठाकुर बिष्ट, जिला कोषाध्यक्ष रजनीश, जिला कार्यालय सचिव रवि पांगटा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भाग लिया।
पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही, आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने पर भी जोर दिया।
आगामी कार्यक्रमों को लेकर तैयार की रणनीति
बैठक में आगामी दिनों में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नेगी निगम भंडारी ने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता के साथ निरंतर संवाद ही किन्नौर में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आधार है।





