घुमारवीं में भाजपा का धरना दूसरे दिन भी जारी, एफआईआर की मांग पर अड़े कार्यकर्ता

5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | घुमारवीं

घुमारवीं में एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी का पुलिस प्रशासन के खिलाफ शुरू हुआ धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। भाजपा कार्यकर्ता शुक्रवार दोपहर से पुलिस थाना घुमारवीं के बाहर धरने पर बैठे हैं। पूरी रात धरने पर रहने के बाद शनिवार को भी कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई।

धरने के दूसरे दिन राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, सदर विधायक त्रिलोक जमवाल और भाजपा जिला प्रभारी रश्मि सूद धरना स्थल पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं का समर्थन किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

भाजपा ने पुलिस पर लगाया भेदभाव का आरोप

राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई, जबकि भाजपा की ओर से दी गई शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और पुलिस को बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो आंदोलन को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे बिलासपुर जिले तक बढ़ाया जा सकता है।

पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि भाजपा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो आंदोलन को और आगे बढ़ाया जाएगा।

राजेश धर्माणी ने भाजपा के आरोपों पर किया पलटवार

मामले को लेकर घुमारवीं के विधायक एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भाजपा नेताओं के आरोपों पर पलटवार किया। धर्माणी ने आरोप लगाया कि घुमारवीं भाजपा उनके और उनके परिवार की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया पर कथित रूप से मनगढ़ंत बातें प्रचारित कर रही है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास भी किया था। राजेंद्र गर्ग पर निशाना साधते हुए धर्माणी ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों से संबंधित मामला शिमला कोर्ट में विचाराधीन है और उन्हें कानून पर भरोसा रखना चाहिए।

फेक सोशल मीडिया आईडी का भी उठाया मामला

धर्माणी ने एक कथित फेक सोशल मीडिया आईडी का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक विरोधियों से जुड़े एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल से फेक आईडी बनाई और उसी मोबाइल से उसे संचालित किया गया। धर्माणी के अनुसार, इस संबंध में उन्होंने पुलिस में शिकायत दी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा, “एक झूठ बार-बार बोलने से वह सच नहीं हो जाता। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती।”

600 करोड़ के विकास कार्यों का किया जिक्र

मंत्री राजेश धर्माणी ने हाल ही में मुख्यमंत्री के घुमारवीं दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान करीब 600 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए गए हैं।

धर्माणी के अनुसार, इन विकास कार्यों से भाजपा परेशान है और उसी दिन से राजेंद्र गर्ग तथा उनके आसपास के लोग लगातार गतिविधियां कर रहे हैं। उन्होंने कुछ ठेकेदारों को कथित रूप से परेशान किए जाने का आरोप भी लगाया।

उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी कानून के दायरे में दोषी पाया जाएगा, उसे कानून के अनुसार कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

फिलहाल भाजपा का धरना पुलिस थाना घुमारवीं के बाहर जारी है। भाजपा कार्यकर्ता एफआईआर दर्ज होने तक आंदोलन समाप्त नहीं करने की बात कह रहे हैं, जबकि मंत्री राजेश धर्माणी ने पूरे मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई होने की बात कही है। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से घुमारवीं में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

Share the news