राहुल गांधी के खिलाफ FIR पर हमीरपुर कांग्रेस का प्रदर्शन, जिलाध्यक्ष सुमन भारती बोलीं- भाजपा की तानाशाही सहन नहीं करेंगे

1 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | हमीरपुर

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में हमीरपुर कांग्रेस ने मंगलवार को गांधी चौक पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाकर अपना रोष व्यक्त किया और एफआईआर तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमन भारती के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसका विरोध किया।

प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, पूर्व विधायक अनिता वर्मा, प्रदेश नशा निवारण बोर्ड के अध्यक्ष नरेश ठाकुर सहित जिला और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भाजपा पर दलित विरोधी होने के आरोप भी लगाए।

‘भाजपा की तानाशाही सहन नहीं करेंगे’

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया, लेकिन जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय इस घटना पर आपत्ति जताने वाले राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना निंदनीय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की विचारधारा सर्व समाज की विचारधारा है और भाजपा राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है। सुमन भारती ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए कानून और जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस की मांग है कि जिन लोगों ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया, उनके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ खड़ा है और इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

Share the news