
7 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

ऐतिहासिक रिज मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने रंगोली और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने रंगोली के मध्य दीप प्रज्वलित कर ‘सेवा ज्योति’ का संदेश दिया।
रिज मैदान पर प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की यात्रा को समर्पित रंगोली बनाई गई और उसके चारों ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप जलाए। सिद्धार्थन ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासन की जिम्मेदारी संभाली थी और इसके बाद प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करते हुए 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा यात्रा पूरी की।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस यात्रा को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण से जोड़कर देखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
सिद्धार्थन ने कहा कि रिज मैदान पर प्रज्वलित ‘सेवा ज्योति’ सेवा और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।





