
28 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

हिमाचल प्रदेश में 1 नवंबर को प्रस्तावित भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को पार्टी प्रदेश कार्यालय दीपकमल, चक्कर में बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई और पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डॉ. राजीव बिंदल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पदयात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, जनता के अधिकारों और प्रदेश के प्रमुख मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार से जनता से किए गए वादों और अपने कामकाज का हिसाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से लोगों की समस्याओं को उठाकर सरकार से जवाब मांगेगी।
महंगे इलाज और राशन की कीमतों पर कांग्रेस को घेरा
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर महंगाई के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों को महंगे इलाज और बढ़ती घरेलू खर्चों की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने अटल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाणा में रोबोटिक सर्जरी की फीस 90 हजार रुपये किए जाने संबंधी खबर का हवाला देते हुए सवाल उठाए। उनके अनुसार, पहले इस सर्जरी का शुल्क 30 हजार रुपये था। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं आम लोगों की पहुंच में रहनी चाहिए। उन्होंने आईजीएमसी शिमला में रोबोटिक सर्जरी की फीस बढ़ाने और एक्स-रे पर शुल्क लगाने से जुड़ी खबरों पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
राशन डिपुओं में दालों और तेल की कीमतों का मुद्दा उठाया
डॉ. सिकंदर कुमार ने सरकारी राशन डिपुओं में मिलने वाली खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का दावा करते हुए कहा कि इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि उनके अनुसार, पिछले तीन वर्षों में एनएफएसए और अंत्योदय श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए चना दाल की कीमत 22 रुपये से बढ़कर 61 रुपये प्रति किलो हो गई है। इसी तरह एनएफएसए श्रेणी में साबुत उड़द दाल की कीमत 58 रुपये से बढ़कर 92 रुपये प्रति किलो और सरसों तेल की कीमत 142 रुपये से बढ़कर 160 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
उन्होंने अक्टूबर में एपीएल परिवारों के लिए माश दाल की कीमत 94 रुपये से बढ़कर 97 रुपये प्रति किलो तथा एपीएल करदाता परिवारों के लिए चीनी की कीमत 48 रुपये से बढ़कर 52 रुपये प्रति किलो होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई से राहत देने में नाकाम रही है और मांग की कि इन बढ़ी हुई कीमतों पर सरकार अपना पक्ष स्पष्ट करे।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा के माध्यम से पार्टी सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएगी।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष बिट्टू वर्मा, डेजी ठाकुर, कुसुम सदरेट, चेतन बरागटा, जिला अध्यक्ष अरुण फालटा और केशव चौहान, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा सहित रमा ठाकुर, सुदीप महाजन, रवि मेहता, संजय सूद, अजय श्याम, किरण बावा, कमलजीत सूद, विजय परमार और गणेश दत्त सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





