
28 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी/गोहर

डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सोलन के औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग स्थित गोहर (गुडाहरी) के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा आईसीएआर एआईईईए (पीजी)-2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। महाविद्यालय के बीएससी ऑनर्स औद्यानिकी के तीन और बीएससी ऑनर्स वानिकी के एक विद्यार्थी ने परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रतिष्ठित संस्थानों में स्नातकोत्तर अध्ययन का अवसर हासिल किया है।
परीक्षा में हमीरपुर निवासी वर्षा ठाकुर ने सातवां स्थान प्राप्त किया। वह भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (आईआईएचआर), बेंगलुरु से फल विज्ञान में एमएससी करेंगी। वहीं, सिरमौर निवासी अलीशा नेगी ने नौवां स्थान हासिल किया है। वह भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली में पुष्प विज्ञान विषय में एमएससी की पढ़ाई करेंगी।
करसोग के पांगणा निवासी सिमरन ने परीक्षा में 304वां स्थान प्राप्त किया है। वह आईएआरआई, झारखंड में फल विज्ञान में एमएससी करेंगी। इसके अलावा चंबा निवासी आदित्य सिंह बिजलवान ने 47वां स्थान हासिल किया है। वह चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में सिल्वीकल्चर एवं एग्रोफोरेस्ट्री विषय में एमएससी करेंगे।
उदय ठाकुर ने भी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की
महाविद्यालय के एक अन्य विद्यार्थी बिलासपुर निवासी उदय ठाकुर ने वन अनुसंधान संस्थान (सम विश्वविद्यालय), देहरादून की स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा भी उत्तीर्ण की है। वह संस्थान में वानिकी विषय में एमएससी की पढ़ाई करेंगे।
अधिष्ठाता ने विद्यार्थियों को दी बधाई
महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. प्रेम लाल शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और उनके मार्गदर्शकों व शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। इससे महाविद्यालय और डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, सोलन का गौरव बढ़ा है।
उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता को अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन से आगे बढ़ेंगे तथा अपने संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।





