
28 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला, डिस्ट्रिक्ट 308 की ओर से होटल लैंडमार्क में आयोजित कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. किरण जैन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनकी आधिकारिक यात्रा के दौरान क्लब की सामाजिक सेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला ने बैठक और इनर व्हील प्रार्थना के साथ की। क्लब सचिव अश्मिता शुक्ला ने परियोजना रिपोर्ट प्रस्तुत कर चालू इनर व्हील वर्ष के दौरान आयोजित सामुदायिक सेवा गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों, साक्षरता अभियानों और स्वास्थ्य शिविरों की जानकारी दी।
डॉ. किरण जैन ने क्लब के रिकॉर्ड, बैठक की कार्यवाही से संबंधित पुस्तकों और वित्तीय रजिस्टरों का निरीक्षण किया। उन्होंने सदस्यों के समर्पण, पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन और क्लब की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
अपने संबोधन में डॉ. जैन ने सदस्यों को इस वर्ष की थीम ‘Grow and Flourish’ (विकसित हों और आगे बढ़ें) के अनुरूप सामाजिक सेवा गतिविधियों का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने निस्वार्थ सेवा, सक्रिय भागीदारी और जमीनी स्तर पर प्रभावशाली परियोजनाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर जोर दिया। इस अवसर पर क्लब के न्यूजलेटर का विमोचन भी किया गया।
विद्यार्थियों और जरूरतमंद महिला को दी सहायता
सामाजिक सेवा के तहत मेफील्ड स्कूल के विद्यार्थियों को 60 ट्रैक सूट वितरित किए गए। वहीं, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपना बुटीक शुरू करने की इच्छुक एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन भेंट की गई।
क्लब के व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में सिलाई और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं ने डॉ. जैन के समक्ष अपने काम और कौशल का प्रदर्शन किया। छात्राओं के कार्य को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और केंद्र में दिए जा रहे प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को व्यावसायिक कौशल प्रदान कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में क्लब के प्रयासों को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और राष्ट्रगान के साथ हुआ।





