
27 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

ठियोग विधानसभा क्षेत्र के टियाली जोन में मंगलवार को कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मार्च निकाला। इसमें बूथ अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस ने लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को लेकर 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करने का ऐलान किया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रस्तावित महारैली ‘देश बचाओ, वोट बचाओ’ के नारे के साथ आयोजित की जाएगी।
चुनाव आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल
कुलदीप सिंह राठौर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के प्रभाव में काम कर रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की आलोचना करते हुए दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर देश के 13 करोड़ से अधिक नागरिकों को मताधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है।
राठौर ने कहा कि कांग्रेस मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि पार्टी का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ आंदोलन जारी रहेगा।
1 नवंबर को दिल्ली में महारैली का आह्वान
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने ठियोग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली के माध्यम से इंडिया गठबंधन चुनाव प्रक्रिया और मताधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाएगा। रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग भी उठाई जाएगी।
टियाली में आयोजित मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभियान के समर्थन में भागीदारी की और आगामी महारैली को लेकर संगठनात्मक तैयारियों पर जोर दिया।





