
खबर अभी अभी
शिमला,
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने मंत्री जगत सिंह नेगी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जगत नेगी जब भी सार्वजनिक रूप से बोलते हैं तो राष्ट्र विरोधी, सनातन विरोधी और समाज को भ्रमित करने वाले बयान ही देते हैं। कांग्रेस के यह बड़बोले मंत्री प्रदेश में कांग्रेस की लगातार कमजोर होती स्थिति और विशेष रूप से किन्नौर में हुई अपनी शर्मनाक राजनीतिक हार को आज तक स्वीकार नहीं कर पाए हैं। इसी हताशा और बौखलाहट में वे भाजपा और उसके नेताओं पर निराधार आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।
राकेश जमवाल ने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी को सबसे पहले प्रदेश की जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर उन्हें भगवान श्री राम के नाम से इतनी परेशानी क्यों है। एक हिंदू होते हुए यदि उन्हें “जय श्री राम” के उद्घोष से आपत्ति है तो यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। भगवान श्री राम करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति, मर्यादा और जीवन मूल्यों के प्रतीक हैं। श्री राम का नाम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं है, बल्कि पूरे राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपरा का आधार है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा “जय श्री राम” कहना यदि कांग्रेस के मंत्रियों को असहज कर रहा है तो यह कांग्रेस की सनातन विरोधी सोच को उजागर करता है। पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु हिंदुओं को हराने जैसी दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणियां करते हैं और अब उनके मंत्री भगवान श्री राम के नाम पर सवाल खड़े कर रहे हैं। यह कोई संयोग नहीं है बल्कि कांग्रेस की उस मानसिकता का प्रतिबिंब है, जो समय-समय पर सनातन परंपराओं और हिंदू आस्था पर प्रहार करती रही है।
जमवाल ने कहा कि मंत्री नेगी का बयान केवल भाजपा पर हमला नहीं बल्कि करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को आहत करने वाला है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन भगवान श्री राम को लेकर इस प्रकार की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि श्री राम भारत की आत्मा हैं और उनके प्रति देशवासियों की श्रद्धा किसी राजनीतिक सीमा में बंधी हुई नहीं है।
राकेश जमवाल ने कहा कि मंत्री जगत नेगी अपनी सरकार की विफलताओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस प्रकार के बयान दे रहे हैं। प्रदेश आज आर्थिक कुप्रबंधन, विकास कार्यों की धीमी गति, बढ़ते करों और जनविरोधी निर्णयों से जूझ रहा है। जनता इन मुद्दों पर जवाब मांग रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार के मंत्री वास्तविक मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भाजपा को निशाना बनाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा कि एंट्री टैक्स का मुद्दा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। प्रदेश की सीमाओं पर एंट्री टैक्स लगाने का निर्णय भाजपा ने नहीं बल्कि मुख्यमंत्री सुक्खु की कांग्रेस सरकार ने लिया था। भाजपा ने शुरू से ही इस निर्णय का विरोध किया क्योंकि यह स्पष्ट था कि हिमाचल प्रदेश जैसे पर्यटन आधारित राज्य पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। भाजपा ने सरकार को चेताया था कि इस प्रकार के फैसलों से पर्यटकों, व्यापारियों और आम लोगों में गलत संदेश जाएगा तथा प्रदेश के राजस्व और पर्यटन गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
जमवाल ने कहा कि जिस सरकार को जनता को खजाने का साधन समझने की आदत पड़ जाए, उससे संवेदनशील निर्णयों की अपेक्षा नहीं की जा सकती। कांग्रेस सरकार ने जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डालने का काम किया है और अब जब एंट्री टैक्स जैसे फैसलों का विरोध हो रहा है तो उसका ठीकरा भाजपा पर फोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंत्री जगत नेगी को यह बताना चाहिए कि एंट्री टैक्स लगाने का निर्णय किसने लिया था? अधिसूचना किस सरकार ने जारी की थी? जनता से वसूली किस सरकार ने की थी? यदि यह सब कांग्रेस सरकार ने किया है तो फिर भाजपा को दोषी ठहराने का क्या औचित्य है? अपनी गलत नीतियों की जिम्मेदारी लेने के बजाय भाजपा पर आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी राजनीतिक आदत है।
राकेश जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खु और उनकी सरकार ने पड़ोसी राज्यों के साथ भी अनावश्यक तनाव पैदा करने का काम किया है। हिमाचल प्रदेश सदैव अपनी आतिथ्य परंपरा और पर्यटन आधारित पहचान के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकार की नीतियों ने प्रदेश की इस सकारात्मक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा न तो सनातन और भगवान श्री राम के अपमान को स्वीकार करेगी और न ही कांग्रेस सरकार के जनविरोधी निर्णयों पर चुप बैठेगी। भाजपा जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार की विफलताओं को प्रदेश की जनता के सामने लाती रहेगी। मंत्री जगत नेगी को भाजपा पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति बढ़ते जनाक्रोश और अपनी राजनीतिक गिरावट के लिए जिम्मेदार कौन है। जनता सब देख रही है और समय आने पर कांग्रेस सरकार को उसके हर जनविरोधी, विकास विरोधी और सनातन विरोधी रवैये का जवाब अवश्य देगी।





