
25 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | संधोल, धर्मपुर।

जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), मंडी ने रेशम पालन विभाग के सहयोग से रैम्प परियोजना के सोशल इन्क्लूजन घटक के तहत निटकोन लिमिटेड के माध्यम से संधोल, धर्मपुर में फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट का आयोजन किया। कार्यक्रम में रेशम पालन से जुड़े करीब 45 लाभार्थियों और उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय रेशम बोर्ड के संयुक्त निदेशक डॉ. उमेश, रेशम पालन अधिकारी पंकज रघुवंशी, वैज्ञानिक डॉ. जे.यू. रहमान, पंजाब नेशनल बैंक मंडी के एलडीएम चंदर प्रकाश तथा उद्योग विभाग धर्मपुर के ईओ अक्षय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मीट के दौरान प्रतिभागियों को बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं, सब्सिडी, उद्यम पंजीकरण, बीमा, उद्यम विकास और बाजार संपर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने रेशम पालन से संबंधित गतिविधियों को व्यावसायिक रूप देने और उपलब्ध वित्तीय एवं संस्थागत सहायता का लाभ उठाने के संबंध में प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर लाभार्थियों और उद्यमियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद करते हुए वित्तीय सहायता प्राप्त करने, रेशम आधारित गतिविधियों के विस्तार और उद्यम संचालन से जुड़ी अपनी समस्याएं एवं प्रश्न साझा किए। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य रेशम पालन से जुड़े लाभार्थियों को वित्तीय एवं संस्थागत सहायता के विभिन्न विकल्पों से अवगत करवाना, वित्तीय समावेशन और उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा रेशम आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्थायी आजीविका के अवसरों को मजबूत करना रहा।





