
सरकाघाट,
18 अप्रैल 2026 — चर्चित सिया हत्याकांड में छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे क्षेत्र में लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। मौंही इलाके में स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी रोष देखने को मिल रहा है और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज हो गए हैं।
इस बीच क्षेत्र के विधायक दलीप ठाकुर ने प्रशासन और पुलिस को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही मामले का खुलासा नहीं किया गया और आरोपियों को सख्त सजा नहीं मिली, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विधायक ने स्पष्ट किया कि जनता का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र प्रदर्शन जारी रहेंगे। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
उधर, स्थानीय लोग भी सड़कों पर उतरकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





