
29 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू
सुशांत शर्मा | कुल्लू

सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से मुख्यमंत्री बाल पोषक आहार योजना के तहत विद्यार्थियों को अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाया जा रहा है। योजना का लाभ नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को दिया जा रहा है।
विभागीय अधिकारी के अनुसार, बच्चों में पोषण संबंधी कमियों को दूर करने और उन्हें स्वस्थ रखने के उद्देश्य से मिड-डे मील के साथ पहले से ही अंडे और केले जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ दिए जा रहे हैं। अब जुलाई 2026 में जारी नई अधिसूचना के अनुसार इन पौष्टिक खाद्य पदार्थों को सप्ताह में दो दिन—बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध करवाया जाएगा।
बच्चों के बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास पर जोर
अधिकारी ने बताया कि सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अतिरिक्त पौष्टिक आहार उपलब्ध करवाने का उद्देश्य बच्चों को संतुलित पोषण देना और उनके बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहयोग करना है।
नई व्यवस्था के तहत सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के बच्चों को सप्ताह में दो दिन अतिरिक्त पौष्टिक खाद्य पदार्थ मिलने से विद्यार्थियों के पोषण स्तर में सुधार की उम्मीद है।





