
20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | भोरंज

भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करवाने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि इनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
विधायक सोमवार को भोरंज मिनी सचिवालय परिसर में विकास खंड के नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों के लिए आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज संस्थाएं लोकतंत्र की मूल इकाई हैं और इनके सशक्त होने से ग्रामीण विकास को गति मिलती है।
सुरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दे रही है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाओं की प्रक्रियाओं को समझने और उनका अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी पंचायत में किसी महत्वपूर्ण विकास परियोजना की आवश्यकता है, तो जनप्रतिनिधि इसकी जानकारी उन्हें दें। पंचायतों से प्राप्त मांगों और सुझावों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इस दौरान विधायक ने वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया।
कार्यशाला में एसडीएम शशिपाल शर्मा, सहायक आयुक्त एवं बीडीओ रजत चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने वीबी-जी राम जी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आवास योजनाओं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना और ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, राजेश चौधरी, बीडीसी अध्यक्ष पूनम कुमारी, पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।





