सांस्कृतिक विविधता में एकता का संदेश लेकर मनाया NSS का 57वां स्थापना दिवस

25 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू।

राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से 57वां राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘Cultural Exchange’ रही, जिसके माध्यम से देश की विभिन्न संस्कृतियों, परंपराओं और लोक विरासत की झलक प्रस्तुत करते हुए विविधता में एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की संपूर्ण परिकल्पना एवं योजना NSS अध्यक्ष नेहा के नेतृत्व में तैयार की गई।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. खेम चंद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने सभी NSS स्वयंसेवकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान के माध्यम से आपसी सौहार्द एवं राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश दिया।

विभिन्न राज्यों की संस्कृति और व्यंजनों ने मोहा मन

‘Cultural Exchange’ कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। NSS स्वयंसेवकों ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और खान-पान को प्रदर्शित करते हुए चार विशेष स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप में सामने रखा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में रचना के नेतृत्व में गुजरात-राजस्थान, खुशबू लता के नेतृत्व में हिमाचल-पंजाब तथा हेमा के नेतृत्व में तमिलनाडु-केरल की प्रस्तुतियां दी गईं। इसके अतिरिक्त वंशिका के नेतृत्व में शिमला नाटी, रुचिका के नेतृत्व में झारखंड-बंगाली सांस्कृतिक प्रस्तुति तथा टीटू के नेतृत्व में कुल्लवी नाटी ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए। ‘सुरों की महफिल’ सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी बनी कार्यक्रम की खासियत

कार्यक्रम के सफल संचालन में NSS स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन की जिम्मेदारी NSS अध्यक्ष डिम्पल, अध्यक्ष नेहा, मानवी, मोनिका, साक्षी ठाकुर एवं वैशाली ने संभाली। कार्यक्रम स्थल की सजावट भी NSS स्वयंसेवकों ने स्वयं की।

पूरे आयोजन के दौरान स्वयंसेवकों ने अनुशासन, समन्वय और टीम भावना का परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया। समारोह का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ, जिसके बाद सभी NSS स्वयंसेवकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों को एक मंच पर लाते हुए सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

Share the news