
9 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू: हिमाचल प्रदेश को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में कुल्लू बस अड्डे से मंगलवार को 15 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया। कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न रूटों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए हिमाचल को ‘ग्रीन स्टेट’ बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से कुल्लू-मनाली घाटी में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आरामदायक, सुरक्षित और धुआं रहित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि नई 15 इलेक्ट्रिक बसें आधुनिक जीपीएस सिस्टम और सुरक्षा तकनीकों से लैस हैं। इनका संचालन जिले के विभिन्न स्थानीय और प्रमुख रूटों पर किया जाएगा। कुल्लू डिपो में पहले से 17 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। नई बसों के शामिल होने के बाद डिपो में इलेक्ट्रिक बसों की कुल संख्या बढ़कर 32 हो जाएगी।
विधायक ने कुल्लू को 15 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी का कुल्लू डिपो देश में सरकारी परिवहन व्यवस्था के तहत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करने वाले शुरुआती डिपो में रहा है और यह प्रदेश के प्रमुख लाभकारी डिपो में भी शामिल है।
सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुल्लू बस अड्डा आधुनिक सुविधाओं से युक्त है और पीज के लिए प्रस्तावित रोपवे के निर्माण के बाद इसका महत्व और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता को लेकर नगर परिषद तथा जिला प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आगामी एक महीने में सफाई व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कुल्लू बस अड्डे सहित पूरे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, ताकि कुल्लू की सुंदरता और व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
विधायक ने नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए परिवहन विभाग और एचआरटीसी के अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में जिले के परिवहन बेड़े में और अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाएगा। इससे पूरी घाटी में पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
समारोह में डीडीएम डीके नारंग ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, पार्षदगण, एडीएम सुरजीत सिंह राठौर, आरटीओ आकांक्षा शर्मा, जिला रेड क्रॉस सचिव चंद्र केश शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के डीडीएम मंडी उत्तम सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी केलांग अंशित शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।





