अनिरुद्ध सिंह ने किया नवनिर्मित पटगेहर पंचायत घर का शुभारंभ

18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने शुक्रवार को कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटगेहर में करीब 7.36 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित पटगेहर पंचायत घर का शुभारंभ भी किया।

पटगेहर पंचायत भवन के निर्माण पर करीब 1.14 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस अवसर पर अनिरुद्ध सिंह ने पंचायत क्षेत्र के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए पंचायत भवन का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन में लाइब्रेरी का प्रावधान भी किया गया है, जिससे क्षेत्र के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सुविधा मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि पंचायत भवन के प्रांगण में इंटरलॉकिंग टाइल्स भी लगाई जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अच्छी गुणवत्ता की टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की 32 पंचायतों में नए पंचायत भवनों का निर्माण किया गया है या पुराने पंचायत भवनों के आधुनिकीकरण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।

तीन सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास

अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान तीन सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए गए। लम्बा जुब्बड़ से करयाली तक सड़क को बेहतर ग्रेड, चौड़ा और पक्का करने के लिए 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पेहला नंबर नाला से गांव गवाही तक सड़क निर्माण पर 1.43 करोड़ रुपये, जबकि गजेन से भराड़ी नाला वाया लधोड़ा संपर्क सड़क के निर्माण पर 3.29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य छोटे-बड़े सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ना है और इस दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करीब 14.58 करोड़ रुपये के सड़क एवं भवन निर्माण कार्य चल रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि पटगेहर से जगरोटी सड़क को आगे सुराला सड़क से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत की चार-पांच छोटी सड़कों की गिफ्ट डीड शीघ्र उपलब्ध करवाने का आग्रह किया, ताकि इन सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

पेयजल और स्कूल भवन पर भी दिए निर्देश

पटगेहर पंचायत क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए अनिरुद्ध सिंह ने चरानिया खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना के निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने प्राथमिक पाठशाला के नए भवन के निर्माण के लिए संबंधित प्रधानाचार्य को शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर कार्यालय भेजने के निर्देश दिए, ताकि स्कूल भवन का निर्माण जल्द शुरू किया जा सके।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्कूली बच्चों और महिला मंडलों को अपनी ऐच्छिक निधि से 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई।

स्थानीय पंचायत प्रधान लता वर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और पटगेहर पंचायत के नए भवन के शुभारंभ के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने पंचायत क्षेत्र की विभिन्न मांगें भी मंत्री के समक्ष रखीं।

इस अवसर पर बीडीसी अध्यक्ष मशोबरा तारा चंद, उपाध्यक्ष मतेंदर ठाकुर, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर, बीडीसी सदस्य वर्मा, नगर निगम शिमला के पार्षद नरेंद्र ठाकुर, शांता वर्मा, कुलदीप ठाकुर एवं विशाखा मोदी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक ठाकुर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम किशन शांडिल, पंचायत प्रधान लता वर्मा, उप प्रधान विजय वर्मा एवं कैलाश शर्मा, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कसुम्पटी नरेंद्र शर्मा, पंचायत के पूर्व प्रधान भुवनेश्वर शर्मा एवं सेवक राम, सतोग पंचायत प्रधान नीरज ठाकुर, पत्तेची पंचायत प्रधान कांता ठाकुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पटगेहर की प्रधानाचार्या हिमातेशी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल एवं युवक मंडल के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share the news