एसवीएन स्कूल कुनिहार में सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

21 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुनिहार

कुनिहार। एसवीएन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को समाजसेवा, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन टीसी गर्ग, प्रधानाचार्या नीति चौधरी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी दीक्षा भार्गव और राकेश कुमार सहित शिक्षक व स्वयंसेवी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

चेयरमैन टीसी गर्ग ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

उन्होंने एनएसएस के मूल मंत्र ‘नॉट मी, बट यू’ का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए कार्य करना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना भी है।

सेवा भावना विकसित करने पर दिया जोर

प्रधानाचार्या नीति चौधरी ने स्वयंसेवियों को अनुशासन, सामूहिक सहयोग और समाजसेवा का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर की सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवी विभिन्न सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक दायित्वों को समझने और सेवा भावना को अपने जीवन में अपनाने का अवसर मिलेगा। विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम अधिकारियों और शिक्षक वर्ग के प्रयासों की सराहना करते हुए शिविर की सफलता की कामना की।

Share the news