
21 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुनिहार, सोलन

बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुनिहार के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। 16 से 19 अक्टूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऊंचा गांव, कुनिहार में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक स्पर्धाओं में पदक व ट्रॉफियां हासिल कीं। विद्यालय के कुल 11 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन हुआ है।
विद्यालय पहुंचने पर पदक विजेता खिलाड़ियों का प्रबंधन और शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर तथा मालाएं पहनाकर सम्मान किया। विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है।
शतरंज में छात्राओं ने जीते स्वर्ण पदक
शतरंज प्रतियोगिता में कृतिका ठाकुर, अंजलिना ठाकुर और वैष्णवी ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। तीनों छात्राओं का बिलासपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। छात्र वर्ग में रुबल ठाकुर ने भी शतरंज में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई।
टेबल टेनिस में छात्राएं बनीं चैंपियन
टेबल टेनिस में विद्यालय की छात्राओं ने फाइनल मुकाबला जीतकर विजेता ट्रॉफी और स्वर्ण पदक अपने नाम किए। टीम में कुशाग्री जोशी, भविता ठाकुर, वंशिका पाल और यशिता शामिल रहीं। चारों खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
छात्र वर्ग में लक्ष्य कंवर, पार्थ चौहान, रोनित रघुवंशी, दक्ष कंवर और अनिरुद्ध पाल ने शानदार खेल दिखाते हुए उपविजेता ट्रॉफी और रजत पदक हासिल किए। इनमें लक्ष्य कंवर और पार्थ चौहान का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
एथलेटिक्स और ताइक्वांडो में भी जीते पदक
एथलेटिक्स में प्रिधि ठाकुर ने गोला फेंक में कांस्य पदक जीता। त्रिशा ने लंबी कूद में कांस्य और ऊंची कूद में रजत पदक हासिल किया। ऊंची कूद में उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। राघव तंवर ने 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।
ताइक्वांडो में दिव्या कंवर और प्रतिभा कंवर ने कांस्य पदक हासिल किए। छात्र वर्ग में भावेश ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।
संगीत और भाषण प्रतियोगिता में भी चमके विद्यार्थी
खेलों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। शास्त्रीय एकल गायन में ओजस्विनी ठाकुर, तेजल और प्रिनिता ने रजत पदक हासिल किए। वहीं, नीरव ठाकुर ने भाषण प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता।
शिक्षकों और प्रशिक्षकों के योगदान को सराहा
विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा और शारीरिक शिक्षक अमर देव के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय के कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया।
पीटीए अध्यक्ष रतन तंवर और विद्यालय के शिक्षक वर्ग ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और सोलन जिले का नाम रोशन करेंगे।





