करोल विहार में एम्बुलेंस रोड की मांग उठाई, रेलवे अधिकारियों के साथ जल्द होगा संयुक्त निरीक्षण

2 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

सोलन नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को अंबाला स्थित उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में वरिष्ठ मुख्य अभियंता से मुलाकात कर रेलवे लाइन से सटे नगर निगम के विभिन्न वार्डों की समस्याएं उठाईं। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे और नगर निगम के अधिकारियों की संयुक्त टीम से जल्द मौके का निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया।

इस दौरान नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा, उपमहापौर गौरव राजपूत और वार्ड नंबर-4 के पार्षद रोहित भारद्वाज मौजूद रहे। भाजपा के वरिष्ठ नेता पुरुषोत्तम गुलेरिया भी बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में रेलवे लाइन के आसपास रहने वाले लोगों को पेश आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संबंधित मामलों की वास्तविक स्थिति जानने और समाधान के लिए रेलवे तथा नगर निगम के अधिकारियों का संयुक्त निरीक्षण जरूरी है।

करोल विहार में एम्बुलेंस रोड का मुद्दा उठाया

पार्षद रोहित भारद्वाज ने करोल विहार में एम्बुलेंस रोड बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को बताया कि स्थानीय निवासी लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने इस मांग पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।

रेलवे अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए जल्द संयुक्त निरीक्षण करवाने की बात कही। निरीक्षण के बाद संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

Share the news