
5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी: लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में प्रदेश की विख्यात सांस्कृतिक संस्था माण्डव्य कला मंच, मंडी की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार सायं लूनापानी स्थित मंचीय कार्यालय में भक्ति एवं श्रद्धा से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद मंच के कलाकारों ने मनमोहक श्रीकृष्ण भजनों की प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को कृष्ण भक्ति में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता माण्डव्य कला मंच के संस्थापक एवं अध्यक्ष कुलदीप गुलेरिया ने की। इस अवसर पर मंच के पदाधिकारी श्रेया, परमजीत, दीक्षा, आयुष, खुशहाल और आर्यन सहित मंच के अनेक कलाकार एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
38 वर्षों से लोक संस्कृति के संरक्षण में जुटा है मंच
गौरतलब है कि माण्डव्य कला मंच पिछले 38 वर्षों से हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा जनपद के पारंपरिक लोक नृत्यों, लोकगीतों, संस्कार गीतों, लोकगाथाओं और लोकनाट्य सहित विभिन्न लोक विधाओं के संरक्षण, प्रचार और प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।
माण्डव्य कला मंच का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और लोक संस्कृति की जड़ों को मजबूत बनाए रखना है। संस्था द्वारा इस दिशा में लगातार विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।





