खेलो इंडिया की तर्ज पर बड़े स्तर पर होगा खेलो हिमाचल इवेंट: यादवेन्द्र गोमा

14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | पांवटासाहिब, सिरमौर

पांवटासाहिब। युवा सेवा एवं खेल, आयुष तथा विधि मंत्री यादवेन्द्र गोमा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने के लिए खेलो इंडिया की तर्ज पर बड़े स्तर पर ‘खेलो हिमाचल’ इवेंट आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से 15 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है।

खेल मंत्री रविवार को पांवटासाहिब में आयोजित साहिबजादा बाबा अजीत सिंह 34वीं राज्य युवा बास्केटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल के खिलाड़ियों ने हासिल किए पदक

यादवेन्द्र गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने के साथ खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई स्तरों पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिमाचल के 48 खिलाड़ियों ने 8 स्वर्ण, 11 रजत और 29 कांस्य पदक हासिल किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल और एक स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स संचालित किए जा रहे हैं, जहां 368 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों को बोर्डिंग, लॉजिंग और प्रशिक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

खिलाड़ियों की सम्मान राशि में बढ़ोतरी

खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में खिलाड़ियों को मिलने वाली सम्मान राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने बताया कि ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं को 5 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 3 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक पर 4 करोड़, रजत पर 2.50 करोड़ और कांस्य पर 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि का प्रावधान है।

इसी तरह राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

खिलाड़ियों की डाइट मनी और यात्रा सुविधा में भी बदलाव

यादवेन्द्र गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी बढ़ोतरी की है। प्रदेश में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 250 रुपये प्रतिदिन और अन्य खिलाड़ियों को 400 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है।

प्रदेश से बाहर होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए 500 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी का प्रावधान है। खेल छात्रावासों में रहने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश में 250 रुपये और प्रदेश से बाहर 400 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को यात्रा सुविधा भी प्रदान की जा रही है। राज्य से बाहर 200 किलोमीटर तक की दूरी वाली खेल स्पर्धाओं के लिए एसी-3 टियर किराया तथा इससे अधिक दूरी के लिए इकोनॉमी क्लास का किराया उपलब्ध करवाया जा रहा है।

पांवटासाहिब में 26 टीमों ने दिखाया खेल कौशल

पांवटासाहिब में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 26 टीमों ने भाग लिया। इनमें 14 छात्र और 12 छात्राओं की टीमें शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

मंत्री ने कहा कि युवा प्रदेश और देश का भविष्य हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर उन्होंने पांवटासाहिब ग्राउंड में फ्लड लाइट के लिए 5 लाख रुपये तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल और खालसा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से खेल मंत्री एवं अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ योग प्रस्तुति भी दी।

समापन अवसर पर खेल मंत्री ने खिलाड़ियों और प्रतियोगिता के आयोजकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में अवनीत सिंह लांबा, निदेशक खाद्य आपूर्ति नसीमा बेगम, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हरप्रीत सिंह रत्न, व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिंदर सिंह नौंटी, गुरुनानक मिशन पब्लिक स्कूल के निदेशक गुरजीत सैनी, प्रधानाचार्य गुरविंदर चावला, खालसा स्पोर्ट्स क्लब अध्यक्ष परमजीत सिंह बंगा, यूथ प्रेसिडेंट परवेन्दर सिंह, बास्केटबॉल कोच एवं कोषाध्यक्ष गुरनाम सिंह बंगा सहित विभिन्न जिलों के बास्केटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share the news