
खबर अभी अभी ,
सरकाघाट, 12 जून। जनगणना-2027 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिगत आज एसडीएम कार्यालय सरकाघाट के सभागार में तहसीलदार सरकाघाट मनीश कुमार की अध्यक्षता में जनगणना कार्य से संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित तृतीय एवं अंतिम चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। 10 से 12 जून तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 38 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर तहसीलदार मनीश कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा-भाव की शपथ दिलाई तथा जनगणना कार्य को टीम भावना के साथ संपन्न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए अपने दायित्वों का निष्पक्षता, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि भारत में आयोजित की जाने वाली 16वीं जनगणना-2027 का संपूर्ण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संपन्न किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश में प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना (हाउस लिस्टिंग) का कार्य 16 जून से 15 जुलाई, 2026 तक किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक अपने निर्धारित क्षेत्रों का नजरी नक्शा तैयार करने के उपरांत ही हाउस लिस्टिंग का कार्य आरंभ करें।
तहसीलदार ने कहा कि मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना से संबंधित निर्देश पुस्तिका का गहन अध्ययन किया जाए तथा उसमें दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य किया जाए। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से भारत की जनगणना-2027 की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया भी अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का आग्रह किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट फ़ील्ड ट्रेनर चमन लाल एवं गोपाल शर्मा ने जनगणना-2027 की प्रक्रिया, एचएलओ मोबाइल ऐप के उपयोग, आंकड़ों के संग्रहण एवं सत्यापन तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने जनगणना से जुड़े दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की विभिन्न जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का भी समाधान किया गया।

गौरतलब है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 16 जून से 15 जुलाई, 2026 तक संपन्न किया जाएगा। इसी के मद्देनज़र जनगणना ड्यूटी में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सरकाघाट, कार्यालय कानूनगो तहसील सरकाघाट सहित जनगणना कार्य से संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





