
6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | हमीरपुर

दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने हमीरपुर में मिलावटखोरी और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने पट्टा, भोरंज, बासी और तरक्वाड़ी क्षेत्रों में करीब 20 मिठाई, किराना और फास्ट फूड की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 40 किलोग्राम खराब और बासी मिठाइयों एवं खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया, जबकि 10 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा हमीरपुर मनजीत सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान बर्फी, मिल्क केक, कलाकंद, बेसन, बेसन के लड्डू, तिरंगा लड्डू, मट्ठी, रसगुल्ला और गुलाब जामुन के सैंपल लिए गए। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान टीम को छेना चमचम, घेवर, नारियल के लड्डू और बेसन सहित करीब 40 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्हें मिठाइयों में गैर-खाद्य ग्रेड रंगों का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों को लेकर भी कारोबारियों को जागरूक किया। उन्होंने खाद्य ग्रेड अमोनियम बाइकार्बोनेट और सोडियम हाइड्रोसल्फाइट का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार ही करने के निर्देश दिए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनजीत सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि त्योहारों का सीजन समाप्त होने तक औचक निरीक्षण, छापेमारी और सैंपलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने दुकानदारों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को ताजा व स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने की अपील की। वहीं, उपभोक्ताओं से भी मिठाइयां खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया गया है।





