
5 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

क्रीसैंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल टुटू में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। नगर निगम शिमला के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में गुंजन चंदेल को प्रतिष्ठित ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. भुवन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान के साथ संस्कारयुक्त शिक्षा भी बेहद जरूरी है। विज्ञान जहां विद्यार्थियों को प्रगति, नवाचार और आधुनिकता की दिशा में आगे बढ़ाता है, वहीं संस्कार उन्हें नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के साथ अच्छे संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उपलब्धियों की भी सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चंद ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की शैक्षणिक उपलब्धियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके व्यक्तित्व निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
समारोह में गुंजन चंदेल को स्टूडेंट ऑफ द ईयर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा रिया, मानवी, शगुन पंवर, अभिनव शर्मा, मुदित शर्मा, हर्षित ठाकुर, तुषार शर्मा, तुषार वर्मा, जिया, तन्मया ठाकुर, कोमल, कुणाल, शिवन्या, भावन शर्मा और तानमय सहित अन्य विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर टुटू की पार्षद मोनिका भारद्वाज, मजयाठ की पार्षद अनीता शर्मा, मजठाई पंचायत की प्रधान लता देवी, पूर्व पार्षद एवं अधिवक्ता विवेक शर्मा, लक्ष्मीनारायण मंदिर कमेटी के प्रधान ओमप्रकाश, टुटू व्यापार समिति के प्रधान सुरेंद्र ठाकुर तथा पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष सुरेंद्र बाटला सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।





